Mandsaur News: जिले में सफाई नहीं होने के कारण जाम हो गए नाले
Mandsaur News: मानसून की दस्तक होने को है लेकिन नगर के ऐतिहासिक तालाब में बारिश का पानी पहुंचाने वाले सभी मार्ग जाम हैं। नगर परिषद और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिला मुख्यालय पर बारिश से पहले जलाशयों की सफाई कराई गई लेकिन नगर परिषद ने अब तक कोई तैयारी नहीं की। लोगों का कहना है कि नगर में रियासतकाल का तालाब मौजूद है।
इसमें बड़ी मात्रा में पानी संग्रहण की क्षमता है। यदि यह तालाब भर जाए तो नगर के साथ आसपास के गांवों को भी पेयजल मिल सकता है। तालाब से आसपास के कुएं, ट्यूबवेल और अन्य जल स्त्रोत रिचार्ज होते हैं। सिंचाई में भी यह तालाब अहम भूमिका निभाता है। तालाब में बारिश का पानी लाने वाले कई मार्ग हैं। देखरेख के अभाव में ये मार्ग पूरी तरह जाम हो चुके हैं। कई मार्ग अतिक्रमण की चपेट में हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष रहे स्व. संजय सोनी ने तालाब संघर्ष समिति बनाई थी। लंबे समय तक आंदोलन चला। नगरवासियों ने समर्थन दिया। तब प्रशासन हरकत में आया। जल मार्गों की नपती हुई। अतिक्रमण हटाए गए। अब समय बीतने के साथ कार्रवाई फाइलों में दब गई। अब फिर वही हालात हैं। सीएमओ जीवन राय माथुर ने कहा कि नालों की सफाई की योजना पर जल्द काम शुरू होगा। फैक्ट्री के पास भी पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है।