Mandsaur News: प्राचार्य कक्ष के गेट पर लगाया गधे का पोस्टर
Mandsaur News: शासकीय महाविद्यालय में सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विरोध का शर्मनाक तरीका अपनाते हुए प्राचार्य कक्ष के गेट पर गधे का पोस्टर लगा दिया। कार्यकर्ता यहीं नहीं रुके और उस पर लापता भी लिख दिया। कॉलेज परिसर में दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। नारेबाजी की।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की मुख्य मांग कॉलेज की बाउंड्रीवॉल का निर्माण है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तीन बार स्वीकृति मिलने के बाद भी बाउंड्रीवॉल नहीं बनी। कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। एनएसयूआई कार्यकर्ता मंथन धनोतिया ने बताया कि छात्रों को समय पर परीक्षा की जानकारी नहीं दी गई। कई विद्यार्थी परीक्षा से वंचित रह गए। कक्षाएं भी समय पर नहीं लगतीं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 2 घंटे तक जमकर नारेबाजी की। कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य शंभूसिंह भारिया ने सभी आरोपों को गलत बताया। कहा कि बाउंड्रीवॉल का निर्माण जल्द होगा। छात्रों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। बता दें कि वर्तमान में प्राचार्य ओमप्रकाश गेहलोत अवकाश पर हैं।