Mandsaur News: मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की बैठक में शत-प्रतिशत सदस्यता का आह्वान किया गया
Mandsaur News: बोलिया मध्यप्रदेश शिक्षक संघ तहसील कार्यकारिणी गरोठ व शामगढ़ की संयुक्त बैठक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साठखेड़ा में हुई। जिला सचिव भरत पोपंडिया ने मंडल निर्माण योजना की समीक्षा की। अमरकंटक में हुए अभ्यास वर्ग की जानकारी दी। कार्यकारिणी पदाधिकारियों ने बौद्धिक प्रस्तुत किया। शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा हुई। समाधान पर संघ का आभार जताया गया।
पोपंडिया ने जिले की शत-प्रतिशत सदस्यता कर प्रदेश में पहला स्थान दिलाने का आह्वान किया। वर्ष 2025 की सदस्यता के लिए सभी पदाधिकारियों ने लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया। मोतीलाल फरक्या ने संगठन की जिम्मेदारी को संविधान अनुसार निभाने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल जैन ने की।
उन्होंने कहा कि संगठन ने अतिशेष स्थानांतरण जैसी गंभीर समस्या को रोका है। अब संगठन के लिए योगदान देने की बारी है। सभी कार्यकारिणियों द्वारा संगठित सदस्यता अभियान चलाकर लक्ष्य हासिल किया जाएगा। जिला संगठन मंत्री बनाए जाने पर मोतीलाल फरक्या का स्वागत किया।
बैठक में गरोठ विकासखंड की तीनों कार्यकारिणी के पदाधिकारी, आयाम प्रकोष्ठ प्रमुख, जिला कार्यकारिणी सदस्य और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और भारत माता पूजन से हुई। राशि प्रजापत ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। ब्लॉक सचिव मुकेश धाकड़ ने अतिथियों का परिचय कराया। संचालन दुर्गेश शर्मा ने किया।