महाकाल मंदिर में संध्या आरती के बाद होगा होलिका दहन
Mar 19, 2019, 19:29 IST
उज्जैन,19 मार्च(इ खबरटुडे)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में बुधवार को संध्या आरती के बाद परिसर में होली जलेगी। पुजारी परिवार की महिलाएं पूजा करेंगी। संध्या आरती में पुजारी भगवान को गुलाल अर्पित कर होली मनाएंगे। मंदिर की परंपरा अनुसार महाकाल के आंगन में प्रदोषकाल में होली जलाई जाती है। इसके पहले पुजारी परिवार की महिलाएं भरगोलिए की माला (कंडों से बनी) अर्पित कर वासंती फूलों से होलिका का पूजन करती हैं।पुजारी संध्या आरती में भगवान को गुलाल अर्पित करते हैं। इसके बाद वैदिक मंत्रों से होली का दहन किया जाता है। धुलेंडी पर पहली बार राजा की फूल होली गुरुवार को तड़के 4 बजे भस्मारती में सबसे पहले राजा के आंगन में होली मनाई जाएगी। पहली बार पुजारी भगवान के साथ फूल होली खेलेंगे। पं.महेश पुजारी ने बताया राजा की फूल होली के लिए 1 क्विंट गुलाब के फूल मंगवाए गए हैं।