Movie prime

 Accident : आंध्र प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा, बस में लगी आग से 14 लोगों की मौत

 
 

नई दिल्ली, 26मार्च (इ खबर टुडे)। आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के पास रायवरम इलाके में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट ट्रैवल बस की बजरी से लदी टिपर लॉरी से टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हादसा स्लैब क्वारी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बस टक्कर के बाद तुरंत आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची आपातकालीन सेवाओं ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

मार्कापुरम के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस नागराजू के अनुसार, घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों की पहचान करने का काम जारी है। कुछ शव अभी भी बस के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।

इस घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।