मथुरा में परिवार के पांच लोगों ने दूध में जहर मिलाकर पिया, तीन मासूमों के साथ माता-पिता की मौत
मथुरा,10 फरवरी (इ खबर टुडे)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। घर में मौजूद पति-पत्नी और तीनों बच्चों ने जहर खाकर अपनी जान दे दी है। पांचों के शव घर के अंदर से मिले है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि किसी बात से परेशान पति-पत्नी ने पहले अपने बच्चों को जहर दिया और फिर खुद ने भी आत्महत्या कर ली। घटना की सुचना मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसर गया है। सामूहिक आत्महत्या मामले में अब तक जो जानकारी सामने आ रही है वो परेशान करने वाली है। बताया जा रहा है कि परिवार के पांचों सदस्यों ने बीती रात सोमवार को दूध में जहर मिलाकर पी लिया। सुबह जब घर के दरवाजे नहीं खुले तो पड़ोसियों को शक हुआ। लंबे समय तक दरवाजा खटखटाने और कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और फिर इस खौफनाक घटना का खुलासा हुआ।
सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया की खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष खेती का काम करते थे। सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि मनीष, उनकी पत्नी 32 वर्षीय सीमा, पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय प्रियांशी और दो वर्ष के बेटे पंकज के शव सुबह घर के अंदर पड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो पांचों के जहर खाकर आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद आगरा से एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

