TMC के वरिष्ठ नेता व पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का पार्टी दफ्तर में फंदे से लटका मिला शव
रामपुरहाट,16अगस्त (इ खबर टुडे)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रविवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, रामपुरहाट के पूर्व विधायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. आशीष बनर्जी का शव उनके घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। इस खबर से पूरे राज्य और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुरहाट के हट्टालापाड़ा इलाके में आशीष बनर्जी के आवास के पास ही टीएमसी का कार्यालय स्थित है। रविवार सुबह जब स्थानीय लोग और कार्यकर्ता कार्यालय की ओर गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पार्टी समर्थक, स्थानीय निवासी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस को मौके से एक पन्ने का कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने इस मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है। सूत्रों के मुताबिक, नोट में लिखा गया है कि उनकी मौत के लिए कोई व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है। साथ ही, उसमें यह भी उल्लेख है कि राजनीति में आना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की प्रामाणिकता की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
राजनीतिक हलकों में शोक की लहर
आशीष बनर्जी बीरभूम की राजनीति के एक प्रमुख और सम्मानित चेहरा रहे हैं। उनकी इस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।

