'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ कल: बीजेपी नेता सोशल मीडिया पर बदलेंगे अपनी डीपी
नई दिल्ली, 06 मई (इ खबर टुडे)। विशेष संवाददाता भारत द्वारा सीमा पार आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने के लिए चलाए गए ऐतिहासिक 'ऑपरेशन सिंदूर' को आज एक वर्ष पूरा हो गया है। इस शौर्य दिवस को यादगार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। पार्टी के निर्णयानुसार, 7 मई से 10 मई तक सभी बीजेपी नेता और कार्यकर्ता अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X, फेसबुक, इंस्टाग्राम) की प्रोफाइल पिक्चर (DP) बदलेंगे।
बीजेपी नेताओं के लिए जारी निर्देश के अनुसार, नई डीपी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ 'ऑपरेशन सिंदूर' प्रमुखता से लिखा गया है। यह अभियान न केवल सेना के पराक्रम को सम्मान देने के लिए है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को भी रेखांकित करता है।
क्यों शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर?
बीते वर्ष 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया था, जिसमें 25 पर्यटकों समेत कुल 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस कायरतापूर्ण हमले का जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू की, जिसे 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया।
ऑपरेशन की मुख्य उपलब्धियां
भारतीय सेना ने सटीक स्ट्राइक करते हुए सीमा पार चल रहे 9 प्रमुख ट्रेनिंग कैंपों को पूरी तरह तबाह कर दिया। हमले केवल PoK तक सीमित नहीं थे, बल्कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित आतंकी मुख्यालयों को भी निशाना बनाया गया। इस ऑपरेशन में बड़ी संख्या में आतंकियों को ढेर किया गया, जिससे आतंकी नेटवर्क की कमर टूट गई।
रणनीतिक बदलाव का प्रतीक
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर महज एक सैन्य कार्रवाई नहीं थी, बल्कि इसने भारत की युद्ध रणनीति की दिशा बदल दी। यह ऑपरेशन तीन दिनों तक चला, जिसमें भारतीय सेना ने आक्रामकता और संयम का बेजोड़ संतुलन दिखाया। इसने दुनिया को संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए सीमा पार जाकर प्रहार करने से पीछे नहीं हटेगा।

