राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों का योगदान महत्वपूर्ण
 Jun 29, 2014, 21:17 IST
                                                    
                                                
                                            मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय अधिवेशन में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री जैन
भोपाल 29 जून (इ खबरटुडे)। स्कूल शिक्षा मंत्री पारस चन्द्र जैन ने कहा है कि शिक्षा को बेहतर बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा के क्षेत्र में जो भी सुधार की आवश्यकता है उसे पूरा करने के लिए शिक्षक संघ व अन्य संगठन के साथ मिलकर प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही एक कमेटी भी गठित की जा रही है। श्री जैन आज मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। श्री जैन ने बताया कि केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने आश्वासन दिया है कि देश में शिक्षा के क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा मंत्रियों की बैठक बुलवाई जायेगी। इसमें आ रही समस्याओं को भी दूर करने का प्रयास किया जायेगा। सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि राष्ट्र और समाज निर्माण में शिक्षक अपना सहयोग दें। अधिकार से ज्यादा कर्त्तव्य प्रबल होना चाहिए। शिक्षा में नैतिक मूल्यों की कमी को दूर करना और व्यक्ति निर्माण का प्रशिक्षण शिक्षकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का आदर्श शिक्षक ही होता है। विद्यार्थी शिक्षक के पदक्रम पर चलकर उच्च स्तर प्राप्त करता है। शिक्षक विद्यार्थी का प्रेरक होता है। इसलिए शिक्षक को अपने कर्त्तव्य का बोध होना चाहिए। स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि हमारे समाज में शिक्षक को भगवान से भी बड़ा दर्जा दिया गया है। शिक्षकों का प्रयास होना चाहिए कि विद्यार्थियों को संस्कारी शिक्षा दें। इसी से युग परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि पंचायत से पार्लियामेंट तक अब हमारी सरकार है। शिक्षा के क्षेत्र में आ रही समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जायेगा। कार्यक्रम की शुरूआत में मंत्रीगण का शॉल-श्रीफल भेंटकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा सम्मान किया गया। हाल ही में हुए संघ के चुनाव के निर्वाचित अध्यक्ष सहित अन्य प्रांतीय पदाधिकारियों को राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने संकल्प दिलवाया। इस मौके पर विधायक पन्ना लाल, संघ के प्रांतीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, संगठन मंत्री भारत सिंह, महामंत्री हिम्मत सिंह जैन मौजूद थे। मंत्री श्री जैन को शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने माँग-पत्र सौंपा।

