Chhatarpur News: पानी के लिए जूझ रही महिलाएं व बच्चे
Chhatarpur News: जनपद पंचायत हटा के घोघरा ग्राम पंचायत अंतर्गत जुनेरी गांव में जलसंकट की स्थिति बनी हुई है। यहां महिलाएं और बच्चे पानी की व्यवस्था में सुबह से शाम तक लगे रहते हैं, बच्चों की छुट्टियां पानी की व्यवस्था में निकल रही हैं।
यहां करीब 15 दिन पहले एक नया नलकूप खनन कर हैंडपंप लगाया गया था, लेकिन वन भी लोगों की प्यास बुझाने असफल साबित हुआ। यहां जलापूर्ति के लिए तीन हैंडपंप हैं लेकिन जल स्तर गिर जाने के कारण हवा अधिक पानी बूंद-बूंद दे रहे हैं। यहां एक हैंडपंप रुक रुककर पानी दे रहा है इस पर दिनभर बच्चों ओर महिलाओं की कतार लगी रहती हैं।
महिलाओं को हैंडपंप पर एकत्र होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। एक कुप्पा पानी भरने में 10 से 15 मिनट लग रहे हैं।
गांव में मवेशियों के लिए भी हैंडपंपों के पोखरों पर प्यास बुझाते देखा जा सकता है। हैंडपंप पर पानी के इंतजार में बैठी महिलाओं ने बताया अगर इस हैंडपंप में पाइप लाइन बढ़ा दी जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है। महिलाओं ने बताया कुछ दिन पहले हैंडपंप लगाया गया था उसमें भी पर्याप्त पानी नहीं है, जिसके चलते समस्या यथावत बनी हुई है।