जंगली सूअरों ने किसानों की मुसीबत बढ़ाई, बार-बार करनी पड़ रही बोवनी
Burhanpur News: ग्राम सामरिया और ताजनापुर के किसानों को जंगली सूअरों ने बड़ी परेशानी में डाल दिया है। कई किसानों ने दो से तीन बार मक्का की बोवनी की, लेकिन जंगली सूअरों के कारण फसल नहीं बच पा रही है। इससे किसानों को हजारों रुपए का आर्थिक नुकसान हो चुका है। कई किसानों के पास दोबारा बीज खरीदने के लिए पैसे भी नहीं हैं, इसलिए वे मजबूरी में उड़द, मूंग और तुवर जैसी सस्ती फसलें लगा रहे हैं।
किसान जगन सिंह ने बताया कि दूसरी बार मक्का बोने के बाद भी पौधे करीब 5 इंच तक बढ़े थे, लेकिन जंगली सूअर उन्हें उखाड़कर नष्ट कर देते हैं। उनके खेत में 20 से 25 पौधे सूअरों ने उखाड़ दिए हैं। रात में खेतों में रखवाली करनी पड़ती है, फिर भी फसल की रक्षा करना मुश्किल हो रहा है।
सामरिया के किसान ईश्वर छगन ने बताया कि उन्होंने 4 एकड़ में मक्का बोया था। 5 पैकेट बीज जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए थी, वे जंगली सूअरों ने 2 से 3 एकड़ की फसल नष्ट कर दी। अब उन्हें दो से तीन पैकेट बीज फिर से लगाना पड़ेंगे।किसानों का कहना है कि सूअर रोज खेतों में घुसते हैं और अंकुरण से पहले ही फसल खराब कर देते हैं।
वन विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हो रही है। किसानों ने मांग की है कि वन विभाग तुरंत जंगली सूअरों को पकड़कर उनकी फसलों को बचाए, क्योंकि सूअरों के हमले से किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है।