Movie prime

Burhanpur News: डैम बनने से जल स्रोत होंगे रिचार्ज

 

Burhanpur News: जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पांगरी डैम मध्यम सिंचाई परियोजना का निर्माण शुरू हो गया है। डोईफोड़िया से छह किमी दूर ग्राम पंचायत पांगरी के अंतर्गत पांगरी और नागझिरी गांव के बीच डैम बन रहा है। मार्च 2025 से निर्माण कार्य शुरू हुआ है। एक वर्ष में डैम का निर्माण पूरा होगा। डैम में बारिश और जंगलों के नालों का पानी जमा होगा। इससे नहरों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचेगा। 15 गांवों के 3200 किसानों को फायदा मिलेगा। 4400 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी।

मक्का, केला, हल्दी और तरबूज फसलों को लाभ मिलेगा। डोईफोड़िया, कारखेड़ा, बसाली, ताजनापुर, सामरिया, खापरखेड़ा,धाबा, बलवाड़ा सहित कई गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। कई सालों से किसान डैम की मांग कर रहे थे। गर्मी में जलस्तर गिरने से सिंचाई मुश्किल हो जाती थी। अब डैम बनने से खेतों तक पानी पहुंचेगा। जल संसाधन विभाग के मार्गदर्शन में निर्माण एजेंसी काम कर रही है। डैम की लागत 150 करोड़ रुपए है। इसकी लंबाई 1987 मीटर और ऊंचाई 20.60 मीटर है।

जलग्रहण क्षेत्र 98.52 एमसीएम है। 54 वर्ग मीटर क्षेत्र में सीमेंट कंक्रीट और 1937 मीटर क्षेत्र में मिट्टी से निर्माण होगा। डैम से आसपास के गांवों के जल स्रोत भी रिचार्ज होंगे। इससे ट्यूबवेल और हैंडपंप का जलस्तर बना रहेगा। गर्मी में पानी की किल्लत नहीं होगी। किसान राजू दादा ने बताया कि पहले गर्मी में ट्यूबवेल का पानी सूख जाता था।

अब डैम से भरपूर पानी मिलेगा। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। डैम जंगल के पास बन रहा है। इससे जंगली जानवरों को भी पीने का पानी मिलेगा। गर्मी में जानवर गांवों की ओर नहीं भटकेंगे। परियोजना से खकनार ब्लॉक की 4400 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। 287 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है। तीन गांवों के 350 परिवार और 1500 किसान प्रभावित होंगे।