Damoh News: पेट्रोल पंप पर की तोड़फोड़,जमीन के सीमांकन व कटआउट फाड़ने पर विवाद
Damoh News: जिले के जबेरा थाना क्षेत्र की सिंग्राम्पुर चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर भूमि सीमांकन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान इंडियन पेट्रोल पंप को निशाना बनाया गया। पंप में तोड़फोड़ की गई, मशीनें तोड़ी गईं।
आयल के डिब्बे फेंके गए। होटल में रखी दाल-सब्जी और अन्य सामान भी बर्बाद कर दिया।पेट्रोल पंप संचालक भागचंद यादव ने बताया कि पत्थरबाजी के दौरान कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई। लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। विवाद की वजह भूमि पर कब्जे को लेकर था। एक पक्ष ने पट्टा बनवाकर कब्जा जताया था।
दूसरा पक्ष पास की पट्टे वाली भूमि खरीदकर कब्जा करना चाहता था। इसी को लेकर विवाद चल रहा था।गांव के लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच भाजपा नेता के कटआउट फाड़ने की घटना ने विवाद को और बढ़ा दिया। इसके बाद मामला उग्र हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। पेट्रोल पंप पर हमला कर दिया।
सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी आलोक तिरपुढे ने बताया कि भूमि के सीमांकन विवाद और कटआउट फाड़ने की घटना के बाद एक पक्ष ने पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ की। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है। इसमें एक पक्ष राय और आदिवासी समाज के लोग हैं दूसरे पक्ष में यादव समाज के लोग हैं, आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।