शिप्रा अमलतास हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
देवास,30 मई (इ खबर टुडे ) । यहां शिप्रा अमलतास हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर घायल हो गया। गंभीर घायल को इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार देवास के शिप्रा अमलतास हाईवे पर कार की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे में एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हाईवे पर हंगामा कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिसबल समझाने का प्रयास कर रहा है। लगभग एक घंटे से चल रहे हंगामे के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। वहीं तीन टीआई सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं, जो ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्राम हवनखेड़ी और रूपाखेड़ी क्षेत्र में ग्राम गदेशिया पिपलिया के पास हादसा होने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं 3 थानों के टीआई और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, जो मौके पर पुलिस लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में इरफान नामक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। वहीं अंसार और हैदर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने ग्रामीणों को जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

