MP का यह मार्ग लगभग 90 करोड़ की लागत बनकर हुआ तैयार, महाराष्ट्र की 45 किमी दूरी हुई कम
MP News: मध्यप्रदेश राज्य का बहुप्रतीक्षित पाटी-बोकराटा-खेतिया मार्ग अब बनकर तैयार हो गया है। इस मार्ग से आवागमन शुरू हो गया है। इससे बड़वानी जाने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इस बहुउद्देशीय सड़क की घोषणा 15 साल पहले 29 अक्टूबर 2010 को तत्कालीन सीएम शिवराजसिंह चौहान ने पाटी प्रवास के दौरान की थी। पहले चरण में 47.02 करोड़ रुपए की लागत से बड़वानी से बोकराटा तक 46 किमी की सड़क बनाई गई। बोकराटा से खेतिया तक का 32 किलोमीटर हिस्सा सरकारी तंत्र की लापरवाही का शिकार हो गया। 5 साल तक यह मार्ग बदहाल रहा। एमपीआरडीसी अफसरों के अनुसार शासकीय स्वीकृति और वन विभाग की मंजूरी में देरी के कारण निर्माण अटका रहा। इस देरी से सड़क की लागत भी बढ़ती गई।
इस मार्ग हेतु पहले 75 करोड़ की डीपीआर बनी, फिर यह 82 करोड़ पहुंची और अंत में 89.45 करोड़ रुपए में सड़क बनकर तैयार हुई। अब 31.20 किमी लंबा और 12 मीटर चौड़ा यह मार्ग पूरी तरह चालू हो गया है।
महाराष्ट्र से एमपी की 45 किलोमीटर दूरी पर
मध्य प्रदेश राज्य के बड़वानी जिला मुख्यालय से महाराष्ट्र जाने पर 115 किमी की दूरी तय करना पड़ती थी। बड़वानी से निवाली, खेतिया होकर महाराष्ट्र जाना पड़ता था। अब पाटी-बोकराटा-खेतिया मार्ग बन जाने से जिले की महाराष्ट्र से दूरी 45 किमी कम हो गई है। अब महाराष्ट्र की दूरी सिर्फ 71 किमी है। जिले से महाराष्ट्र जाने का यह तीसरा यस्ता बन जाने से लोगों का धन व ईंधन दोनों बचेंगे।
घाट काटकर बनाया रास्ता, नेलिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग
यह मार्ग अंतरराज्यीय सीमा से भी जुड़ता है। इंदलबारा नाले से पश्चिम की ओर तिल्ली खेत से 6 किमी आगे महाराष्ट्र की सीमा शुरू होती है। सतपुड़ा पर्वत श्रेणी का पर्यटक स्थल तोरणमाल यहां से सिर्फ 12 किमी दूर है। इस पहाड़ी मार्ग में एक एमएनबी और चार स्लैब पुलिया बनाई गई हैं। 300 मीटर लंबे और 25 मीटर ऊंचे घाट को बेकर मशीनों से काटा गया। बारिश में लैंड स्लाइडिंग रोकने के लिए नेलिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग किया है। अब वाहन चालकों और पैदल नर्मदा यात्रियों को सुरक्षा मिलेगी। नई सड़क से व्यापार को गति मिलेगी। नर्मदा परिक्रमा करने वालों को भी पथरीले रास्तों से राहत मिलेगी। यह सड़क जिले के विकास को नई रफ्तार देगी।
किसान खेतिया मंडी ला रहे उपज
इस सड़क से 26 गांवों को पक्की सड़क और सुगम यातायात की सुविधा मिली है। दुर्गम गांवों की जिला मुख्यालय से सीधी कनेक्टिविटी हो गई है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। बड़वानी से खेतिया मंडी तक सीधी सड़क बनने से व्यापार भी आसान हुआ है। पहले किसान खराब सड़क के कारण उपज लाने से कतराते थे। अब मूंगफली की आवक बढ़ गई है। किसान सीधे खेतिया मंडी पहुंच रहे हैं। इससे व्यापार में नए अवसर बनेंगे।
गोई नदी पर बन रहे पुल का कार्य जल्द होगा पूरा
पाटी में गोई नदी पर बन रहे बड़े पुल का निर्माण भी पूरा हो गया है। पुल के बीचोंबीच सीमेंट पिलर खड़े कर स्लैब डाले गए हैं। सड़क के दोनों ओर रोड मार्किंग, संकेतक बोर्ड और घाट सेक्शन का फिनिशिंग वर्क भी पूरा हो गया है। अब खेतिया से बड़वानी तक सीधा आवागमन शुरू हो गया है।