8 दिन में तीसरा मगरमच्छ पकड़ा गया, सिंगौरगढ़ जलाशय में छोड़ा गया
Damoh News: दमोह वन परिक्षेत्र के कनिया घाट पटी में ब्यारमा नदी से 8 दिनों के भीतर तीसरा मगरमच्छ पकड़ा गया है। मंगलवार सुबह करीब 10 फीट लंबा यह मगरमच्छ पिंजरे में फंसा मिला। वन विभाग ने इसे पकड़कर सिंगौरगढ़ जलाशय में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।
11 जुलाई को इसी स्थान पर जल भरने गई एक महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया था। महिला को जबड़े में दबोचकर नदी की गहराई में ले गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद वन विभाग ने नदी किनारे पिंजरे लगाए और उनमें बकरी-मुर्गा जैसे चारे रखे गए।
26 जुलाई को एक मगरमच्छ पिंजरे में फंसा, लेकिन उससे पहले उसने बकरी को पिंजरे से खींच लिया था। ऑटोमेटिक गेट बंद होने से वह मगरमच्छ पकड़ में आ गया। फिर 28-29 जुलाई की रात को एक और 10 फीट लंबा मगरमच्छ पिंजरे में कैद हुआ। अब 8 दिन के अंदर यह तीसरा मामला है।
इन सभी मगरमच्छों को सिंगौरगढ़ जलाशय में छोड़ा गया है, क्योंकि भोपाल वन विहार में उनके लिए जगह नहीं है।वन विभाग का कहना है कि ब्यारमा नदी में मगरमच्छों की संख्या अधिक है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है। विभाग आगे भी निगरानी और कार्रवाई जारी रखेगा।