Tikamgarh News: बिना मुंडेर के कुओं से हादसे की आशंका
Tikamgarh News: नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बिना मुंडेर के कुएं लोगों के लिए समस्या बने हुए हैं। लोगों को खुले कुओं से हादसे की आशंका है। पूर्व में हुई घटनाओं से प्रशासन सबक नहीं ले रहा है। घटनाओं के बाद भी कुएं खुले पड़े हैं। जिनकी न तो मुंडेर बनाई जा रही और न ही उन्हें ढांकने का काम किया जा रहा है। जिससे लोगों को खुले कुएं से डर बना हुआ है कि कभी भी कोई भी घटना हो सकती है।
हाल ही में नगर के वार्ड 6 गंगासागर के कुएं में दो बैलों के गिरने की घटना सामने आई थी। इस घटना में लड़ते-झगड़ते दोनों बैल कुएं में गिर गए थे। जिससे एक बैल गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसी तरह नगर केअलावा आसपास क्षेत्र में बने बिना मुंडेर वाले कुएं और खुले पड़े बोरवेल से आए दिन घटनाएं हो रही हैं, जिनसे सबक नहीं लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना मुंडेर के खुले पड़े कुएं और बोर दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं।
नगर सहित क्षेत्र में खुले पड़े बिना मुंडेर कुएं व बोर को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार जिला प्रशासन से शिकायत की लेकिन स्थानीय नगर प्रशासन ने अब तक इस दिशा को पहल शुरू नहीं की है। जिसके कारण अधिकतर कुएं खुले पड़े हैं। जिससे लोगों को डर बन गया है कि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाए।
समतल जमीन पर बने कुओं से ज्यादा डर
इस मामले में नगर के गोसेवकों का कहना है कि क्षेत्र में खुले पड़े कुएं एवं बोरवेल में गिरने से कई मौतें हो चुकी हैं लेकिन प्रशासन इस दिशा में गंभीरता नहीं दिख रहा है। जिसका कारण यह है कि लोगों के साथ ही साथ घूम रहे आवारा पशु भी कुएं में गिरकर घायल हो रहे हैं। यहां तक कि काल के मुंह में समा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि कई कुएं तो क्षेत्र में ऐसे भी बने हुए हैं। जिनके ऊपर मुंडेर तक नहीं बनी है। वह जमीन से समतल दिखाई देते हैं, जिनसे ज्यादा खतरा बना हुआ रहता है। जिसमें बच्चों के गिरने का भी डर बना है। इस तरह की घटनाएं तहसील क्षेत्र में कई बार हो चुकी हैं जिस पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।