Movie prime

Bina News: नगर में सिर्फ दो आधार केन्द्र, रोज 400 लोगो के पहुँचने से हो रही भीड़ 

 

Bina News: नगर में आधार केन्द्रों की संख्या कम है और आधार कार्ड अपडेट कराने वालों की संख्या बढ़ गई है। मुख्य पोस्ट ऑफिस एवं जनपद पंचायत परिसर के आधार केन्द्र पर ही आधार अपडेट हो रहा है। यहां तेज धूप, गर्म हवा के बावजूद महिलाएं बच्चों को लेकर बैठी हैं। सुबह से ही सभी लाइन में लग रहे हैं। पोस्ट ऑफिस में पर्ची बांटी जाती है।

जनपद पंचायत परिसर के आधार केन्द्र पर लोग बाहर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। 18 साल से ऊपर के व्यक्ति की नई आधार आईडी नहीं बन पा रही है। इसके लिए सागर के मुख्य पोस्ट ऑफिस भेजा जा रहा है। ऐसे में लोग भटक रहे हैं। पहले आधार के प्राइवेट केन्द्र ज्यादा थे, जो अब बंद हो गए हैं। आधार केन्द्र पर सबसे ज्यादा भीड़ बच्चों, महिलाओं की है।

जिन्हें जाति प्रमाण पत्र बनवाना है, कंट्रोल की दुकान पर केवायसी कराना है। समग्र आईडी में नाम जुड़वाना है। इसके अलावा स्कूल खुल रहे हैं, जिसके लिए अपडेट आधार चाहिए हैं। परीक्षाओं के फॉर्म भरना है, अन्य योजनाओं में आधार कार्ड जरूरी है।लेकिन यह लोग परेशान हैं, इनके आधार कार्ड में नाम के साथ जाति न लिखी होने, जन्म तिथि में गड़बड़ी, पिता का नाम सही न होना, पता सही न लिखा होना, नाम में अक्षर सही न लिखे होने जैसी त्रुटियां हैं।

दूसरे वह छात्र हैं जिन्हें प्रतियोगी परीक्षा, स्कूल की प्रवेश परीक्षा देना है, उनकी फोटो अपडेट, जन्मतिथि सहित सभी जानकारी सही चाहिए है। यह छात्र भी सुधार कराने पहुंच रहे हैं। तीसरे- डिजीटल जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड बनवाने वाले आधार कार्ड सुधरवाने आ रहे हैं। बच्चों के फिंगर प्रिंट राशन दुकान पर नहीं आ रहे हैं, इसके लिए फिंगर प्रिंट भी अपडेट कराना है।

एक केन्द्र पर एक दिन में अधिकतम 50 आवेदकों का काम हो पाता है। केवायसी में देरी होने पर कभी-कभी 30 आवेदक का काम ही होता है लेकिन एक केन्द्र पर एक दिन में 150 से 200 लोग आते हैं, याने दोनों केन्द्रों पर 350 से 400 लोग आ रहे हैं। याने क्षमता से तीन गुना लोग आ रहे हैं। वह छांव तलाश कर केन्द्र के पास दिनभर बैठे रहते हैं, जिन्हें काम न होने पर वापस लौटना पड़ता है।

फिंगर प्रिंट अपडेट कराने वाले ज्यादा बच्चे हैं
आधार केन्द्र के सर्विस प्रोवाइडर ने बताया कि पहले फॉर्म पर सरपंच, एसडीएम, नगर पालिका सीएमओ के हस्ताक्षर होने पर आधार कार्ड में बदलाव के लिए दस्तावेज अपलोड करते थे। अब सरपंच के हस्ताक्षर वाले फॉर्म से सिर्फ पता बदल सकता है। इसके अलावा जन्म में बदलाव के लिए डिजीटल जन्म प्रमाण पत्र, नाम में सुधार के लिए मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित कोई भी फोटो आईडी लगती है।

जाति में सुधार या जोड़ने जाति प्रमाण पत्र जरूरी है। निवास प्रमाण पत्र से पता बदल सकता है। निवास प्रमाण पत्र लोकसेवा केन्द्र से बन जाता है।डिजीटल जन्म प्रमाण पत्र जहां का पहले का जन्मप्रमाण पत्र है वहां से बनेगा। इसमें 50 से 100 रुपए का चालान लगता है। केन्द्र से आवेदन के बाद अपडेशन में भी समय लग रहा है। पहले एक सप्ताह में अपडेट होकर आधार आ रहा था। अब 20 से 40 दिन का समय भी लग रहा है। ऐसे में लोगों के काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। राशन दुकान पर ई-केवायसीन होने से फिंगर प्रिंट अपडेट वाले बच्चों की संख्या ज्यादा है। लोगों की मांग है कि आधार केन्द्र की संख्या बढ़ाई जाना चाहिए।

आधार केन्द्र पर पहुंचने वालों में बच्चे ज्यादा

छोटे बच्चों को गोद में लेकर महिलाएं घंटो इंतजार कर रही हैं। आठवीं में पढ़ने वाले छात्र हेमंत राय ने बताया कि आधार कार्ड पर जाति नहीं लिखी है। फिंगर प्रिंट अपडेट नहीं है। जिससे ई-केवायसी नहीं हो पा रही है। फिंगर प्रिंट आ जाएं तो अपडेशन हो पाएगा। छात्र जितेन्द्र अहिरवार ने बताया कि पता गलत लिखा है। मगरघा लिखा है, जबकि जेरूआ लिखवाना है। इसके लिए इंतजार में बैठे हैं। अंशुल यादव ने बताया कि दादा के साथ आए हैं। फिंगर प्रिंट अपडेट नहीं है, आधार लिंक भी नहीं है। रोशनी ने बताया कि आधार में जाति, जन्म और पता अपडेट कराना है। कई चक्कर केन्द्र के लगा चुके हैं।

केन्द्र बढ़ाने मांग भेज चुके हैं: एसडीएम चौरसिया

एसडीएम मनोज चौरसिया का कहना है कि आधार केन्द्र के संबंध में उच्च स्तर पर मांग भेजी गई है। संबंधित अधिकारियों से बात कर रहे हैं, जिससे केन्द्र बढ़ जाएं। कुछ काम मोबाइल से भी हो सकते हैं, लोग उसे समझे और स्वयं करें।