Movie prime

Burhanpur News: मई महीने में तीन इंच बारिश से ताप्ती नदी का जलस्तर तीन मीटर ऊपर आ गया 

 

Burhanpur News: जिले में ऐसा पहली बार हुआ है, जब मई माह में तीन इंच बारिश हुई हो। जोरदार बारिश के कारण पहाड़ी-बरसाती नदी नालों में अच्छा पानी आ गया है, इससे ताप्ती नदी का जलस्तर बढ़कर तीन मीटर हो गया है। एक सप्ताह पहले तक नदी का जलस्तर सिर्फ एक मीटर पर था।

अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण जैनाबाद के पास बना अस्थायी मिट्टी का डेम भी इसमें बह गया। आमतौर पर मानसून आने के बाद जून माह के आखिर में नदी का जलस्तर तीन मीटर तक पहुंचता है। प्री-मानसून में जिले में जोरदार बारिश हुई है। इसका असर जल स्त्रोतों पर नजर आने लगा है।

पहाड़ी क्षेत्रों में ज्यादा बारिश होने से पहाड़ी-बरसाती नदी नालों में मई माह में ही बाढ़ आ गई। इन नदियों का पानी ताप्ती नदी में आने से जलस्तर अचानक बढ़ गया। दो मीटर जलस्तर बढ़ने के कारण ताप्ती नदी के घाटों तक पानी आ गया है। एक सप्ताह पहले तक घाटों से काफी नीचे पानी नजर आ रहा है।

जिले में अब तक 78.2 मिमी बारिश हुई है। इसमें बुरहानपुर में 43.8, खकनार में 109.8 और नेपानगर में 81 मिमी बारिश दर्ज हुई है। मई माह में बारिश का यह आंकड़ा काफी ज्यादा है। जून माह में मानसून आने में देरी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मानसून रूक गया है।

इसके एक सप्ताह तक आगे बढ़ने की उम्मीद हीं है। जिले में सामान्य मानसून 15 जून तक आता है। हालांकि मानसून की गति कम होने के बावजूद समय से पहले मानसून आने की उम्मीद है।

बोवनी के काम में तेजी आई, समय पर होगी बोवनी

प्री-मानसून में हुई जोरदार बारिश के बाद मिट्टी में नमी आ गई है। नवतपा के बावजूद पारा 35 से 36 डिग्री पर है। ज्यादातर समय बादल छाने के कारण बोवनी का काम तेज हो गया है। किसानों ने खेत तैयार कर बीज लगाने शुरु कर दिए है। हालांकि अभी वही किसान उपज लगा रहे है, जिनके पास सिंचाई की व्यवस्था है।

बाकी किसान खेत तैयार कर मानसून का इंतजार कर रहे है। ताकि सिंचाई की परेशानी ना हो। कृषि विभाग ने मानसून की तीन इंच तक बारिश होने पर बोवनी करने को कहा है। इस बार समय पर बोवनी का काम पूरा होने की उम्मीद है।