Movie prime

Barwani News: नहर में कचरा अटकने से खेत में भर गया पानी 

 

Barwani News: किसान लंबे समय से नहरों में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। जब पानी छोड़ा तो नहरों की सफाई नहीं होने से कचरा अटक गया। जिससे नहर से लगे किसान के खेत में पानी भर गया। पानी को रोकने के लिए नहर को तोड़कर पानी की निकासी नाले में की। सुबह एनवीडीए के अफसर पहुंचे। जिन्होंने पाइप में फंसे कचरे को साफ कराया।

कसरावद बायपास पर बनी इंदिरा सागर की माइनर नहर में कचरा फंसने से पानी ओवर फ्लो होकर किसानों के खेतों में जमा होने लगा। बुधवार तड़के 4 बजे किसानों ने नहर को तोड़कर पानी की नाले में निकासी की। किसान संजय काग ने बताया मंगलवार शाम को नहर में पानी आया था। इसके बाद बायपास को क्रॉस कर रही नहर के पाइप में कचरा जमा होने से नहर का पानी खेत में चला गया। जिससे खेत में लगाई कपास व ककड़ी में नुकसान हुआ।

विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने पाइप में सफाई कराई। बायपास से सटी नहर में होटल वाले झूठन आदि कचरा फेंक जाते हैं। जिससे नहर निकासी पर प्रभावित होती है। जिले में किसानों की सुविधा के लिए नहरों का जाल बिछाया है लेकिन नहरें सुविधा के बदले परेशानी बन गई है। जिले में इंदिरा सागर परियोजना में 2015 में नहर व उप नहर से पानी का सप्लाय शुरू किया है। नहरों की सफाई के लिए पर्याप्त फंड नहीं होने से सफाई नहीं हो पाती है।

पानी छोड़ने पर कचरा अटकने से नहर ओवर फ्लो हो जाती है। एनवीडीए के अफसरों ने बताया नहरों के रखरखाव के लिए जल समिति बनाई है। उन्हें शासन स्तर से प्रति हेक्टेयर 100 रुपए दिए जाते हैं। इस राशि से सफाई व मरम्मत का काम नहीं हो पाता। इससे 2015 से शुरू हुई नहरों की सफाई नहीं हो पाई।

सब इंजीनियर एसएस सोलंकी ने बताया मंगलवार शाम नहर में पानी छोड़ा था। देर शाम को बायपास के नीचे नहर के पाइप में कचरा जमा होने से पानी निकासी रुक गई। किसानों ने नहर को तोड़कर पानी नाले में छोड़ा। पाइप लाइन की सफाई कर पानी की निकासी शुरू करेंगे। उन्होंने बताया नहर के आसपास किसान कचरा फेंक देते हैं। होटल का झूठन भी यहीं फेंका जाता है। जिससे नहर चोक हो जाती है। फंड की कमी से नहर की सफाई नहीं हो पाती है। यहां पहली बार समस्या आई है।