जिले को मिले नए विशेषज्ञ डॉक्टर, स्त्री रोग से लेकर चाइल्ड और निश्चेतना विशेषज्ञ शामिल
MP News: जिले के अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द ही 21 नए डॉक्टरों का आगमन होगा। इसमें करीब 16 विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं, जो विभिन्न विभागों में सेवा देंगे। इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट रेजीडेंसी प्रोग्राम (डीआरपी) के तहत 11 पोस्ट ग्रेजुएट अंडर ट्रेनिंग डॉक्टर भी तीन महीने तक जिला अस्पताल में काम करेंगे।
गुरुवार को कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने इसकी जानकारी दी थी, जबकि शुक्रवार को डॉक्टरों की सूची भी जारी की गई। सूची में नाक- कान- गला, स्त्री रोग, मेडिसिन, सर्जरी, निश्चेतना, नेत्र रोग, मनोचिकित्सा और पैथोलॉजी जैसे कई विशेषज्ञ शामिल हैं। वर्तमान में बारिश के मौसम में बीमारियों का बढ़ना सामान्य है, जिससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को अक्सर लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन नए डॉक्टरों के आने से यह समस्या कम होगी। सीएमएचओ डॉ. देवेंद्र सुनहरे ने बताया कि ये डॉक्टर जिला अस्पताल के अलावा उदयगढ़, जोबट और चंद्रशेखर आजाद नगर के सरकारी अस्पतालों में भी सेवा देंगे।
नामजद डॉक्टरों में निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. सोनाली, चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. मरीशा मोहिनी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मितिका पाटीदार, नाक- कान- गला विशेषज्ञ डॉ. गौरव उपाध्याय, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता मौर्य, सर्जन डॉ. आकाश कुशवाह और अन्य कई डॉक्टर शामिल हैं।
डीआरपी के तहत आने वाले 11 पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ मिलकर मरीजों का इलाज करेंगे। ये मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षु डॉक्टर हैं जो 3 महीने की सेवा देंगे।
डॉक्टरों की कमी को देखते हुए यह कदम जिले के स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगा। नए डॉक्टर जल्द ही अपनी सेवाएं शुरू करेंगे, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधा मिलेगी।