मासूम के हाथ बांधकर कुएं में फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक साल बाद खुला नाबालिग की मौत का राज
गुना,04 फरवरी (इ खबर टुडे । धरनावदा थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले नाबालिग बालक का शव गांव के कुएं में मिला था। पुलिस ने इस अंधेकत्ल का राजफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। इस हत्या के पीछे आरोपी को राज खुलने का डर था, जिससे नाबालिग बालक के हाथ बांधकर उसे कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार 14 फरवरी 2025 को धरनावदा थानाक्षेत्र से 15 वर्षीय नाबालिग बालक के गुम होने की सूचना पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था। अगले ही दिन 15 फरवरी को बालक के हाथ बंधे हुआ शव गांव के ही एक कुएं से बरामद हुआ था। इस पर पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
स्वजनों एवं अन्य साक्षियों से पूछताछ कर कथन लिए गए। जांच में स्पष्ट हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालक के हाथ बांधकर उसे कुएं में फेंका गया था। इस पर हत्या की धारा भी प्रकरण में जोड़ी गई। इधर, पड़ताल के क्रम में एक फरवरी 2026 को अज्ञात आरोपी के संबंध में मिली सूचना के आधार पर संदेही गोपाल पुत्र ईश्वर यादव उम्र 55 साल निवासी ग्राम खेजरा गुरूजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पहले तो उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन लगातार पूछताछ से वह टूट गया और बालक की हत्या करना स्वीकार की। उसने बताया कि घटना वाले दिन बालक ने उसे एक महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में देख लिया था। इसके बाद महिला तो वहां से भाग गई, लेकिन उसे भय था कि बालक यह बात गांव में बता देगा। इसी डर से उसने कुएं के पाईप में बंधे कपड़े एवं रस्सी से बालक के हाथ बांधकर कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
हत्या का राजफाश होने पर पुलिस ने आरोपी गोपाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में धरनावदा थाना प्रभारी प्रभात कटारे व टीम की भूमिका रही।

