Burhanpur News: किसानों को बताए मिट्टी सुधार व संतुलित पोषण के तरीके
Burhanpur News: ग्राम सीतापुर, हसीनाबाद, चकवारा में रविवार को कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया। कृषि विज्ञान केंद्र सांडस कला के वैज्ञानिक डॉ. अमोल देशमुख ने मिट्टी परीक्षण के आधार पर पोषक तत्वों के उपयोग से फसल उत्पादन बढ़ाने की जानकारी दी। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य सुधार, संतुलित पोषण प्रबंधन और संरक्षित खेती पर भी बात कही।
वैज्ञानिक डॉ. राहुल सातारकर ने ड्रोन तकनीक, फसल विविधीकरण, सोयाबीन, मक्का, अरहर की उन्नत तकनीक बताई। कृषि विस्तार अधिकारी कनक ससाने, जितेंद्र चौहान ने खरीफ सीजन में सोयाबीन की किस्मों, उनके गुण और बीज उपचार की विधियों जैसे बीजामृतके बारे में बताया। उन्होंने खरपतवार प्रबंधन की जानकारी भी दी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, सॉइल हेल्थ कार्ड, नरवाई प्रबंधन और प्राकृतिक खेती जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
उद्यानिकी विभाग से गजानंद पांडे ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। फसल बीमा कंपनी के यश सिन्हा, आशाराम देवड़ा ने खरीफ फसलों के बीमा के बारे में बताया। किसानों के सवालों के जवाब दिए। किसानों को उन्नत खेती की जानकारी देने के लिए चलाए जा रहे कृषि संकल्प अभियान में जानकारी लेने के लिए क्षेत्र के किसान भी पहुंचे। उपस्थित कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों ने किसानों के प्रश्नों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम में आसपास गांवों के किसान मौजूद थे।