Movie prime

पाइपलाइन परियोजना का सफल समापन, अब सीधे झील तक पानी पहुंचेगा

 

Burhanpur News: रेणुका झील को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने का काम जल्द खत्म होने वाला है। झील में साफ पानी लाने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट से झील तक पाइपलाइन बिछा दी गई है। साथ ही नाले का गंदा पानी झील में न पहुंचे, इसके लिए भी पाइप डाले जा रहे हैं। काम पूरा होने के बाद पानी की जांच की जाएगी। उम्मीद है कि जल्दी ही झील में पर्यटकों के लिए अच्छी सुविधाएं मिलेंगी।

नगर निगम की अमृत योजना-2.0 के तहत झील को नया रूप देने में 1.64 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। काम में थोड़ी देरी हुई, लेकिन अब झील का नया रूप दिखने लगा है। पहले बारिश के पानी के साथ गंदगी झील में जमा होती थी, जिससे बदबू आती थी और लोग यहां आने से कतराने लगे थे। अब नगर निगम इसे साफ और सुंदर बनाने की तैयारी में है। काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके बाद पौधे लगाए जाएंगे और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।झील के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी पाइपलाइन लगी है, जिससे ट्रीटमेंट प्लांट का साफ पानी झील में पहुंचेगा।

साल 2008 में जिला प्रशासन ने झील का विकास किया था। शुरुआत में यहां अच्छी भीड़ रहती थी, लेकिन गर्मी में पानी कम होने से लोग आने कम हो गए और झील सूनी हो गई।

अब झील में गहरीकरण, पैदल रास्ता, रेलिंग, पौधारोपण और फव्वारे लगाने का काम होगा। साथ ही मछली पालन की भी व्यवस्था की जाएगी।