Movie prime

विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर बनाया भारत का नक्शा, तिरंगे संग दिया स्वच्छता का संदेश

 

Burhanpur News: जिले में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। सोमवार को शाहपुर में नगर परिषद द्वारा सांदीपनि स्कूल में विशेष कार्यक्रम हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर मानव श्रृंखला के माध्यम से भारत का नक्शा प्रस्तुत किया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।

सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को देश के प्रति कर्तव्य, स्वच्छता और जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। प्राचार्य आतिक अली ने स्वच्छता बनाए रखने, जल बचाने और पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी रतनसिंह रावत, भारती महाजन, हिमांशु पाटिल, हर्षल जैन समेत कई लोग मौजूद रहे।

इसी कड़ी में बुरहानपुर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने बाइक रैली निकाली। कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी आशुतोष बागरी के नेतृत्व में निकली इस रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी और महिला अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने सभी को हर घर तिरंगा व स्वच्छता की शपथ दिलाई।

रैली कलेक्टोरेट से शुरू होकर सिंधीबस्ती, लालबाग, शनवारा, कमल टॉकिज, राजपुरा, बस स्टैंड होते हुए वापस कलेक्टोरेट पर समाप्त हुई। इस दौरान देशभक्ति गीतों, वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से माहौल देशभक्ति में रंग गया।