Chhatarpur News: पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रगतिशील युवा मंडल निवारी ने पौधारोपण कर जागरूकता फैलाई। कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष चितरंजन चौरसिया ने बताया कि इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम 'प्लास्टिक को हटाना' रखी गई है।उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण संकट में है। इससे जल स्रोत दूषित हो रहे हैं।
हजारों कुएं और तालाब पीने और उपयोग लायक नहीं बचे हैं। प्लास्टिक वायु और जल प्रदूषण की बड़ी वजह बन गई है। यह सालों तक नष्ट नहीं होती और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने अपील की कि लोग कपड़े के थैले या पत्तों का उपयोग करें।एडवोकेट अजय अमर चौरसिया ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने बताया कि पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है। इससे मानव जीवन के साथ-साथ जीव-जंतुओं को भी खतरा है। कई प्रजातियां विलुप्त हो चुकी हैं या विलुप्त होने की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक होकर प्रयास करना जरूरी है।प्रभंजन चौरसिया ने कहा कि हर साल पौधे लगाए जाते हैं, लेकिन देखरेख के अभाव में वे नष्ट हो जाते हैं।
यदि इनकी कम से कम तीन साल तक देखभाल की जाए तो ये पौधे भविष्य में फल, छाया और शुद्ध वायु देंगे। इसलिए जरूरी है कि पौधों की सही देखभाल और संरक्षण किया जाए। कार्यक्रम में प्यारेलाल प्रजापति, मुनालाल रैकवार, दीना रैकवार, नीलकंठ रैकवार सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने प्लास्टिक की जगह कपड़े की थैली का उपयोग करने का संकल्प लिया।

