Mahu city news: मूल राशि का तीन गुना चुका दिया ब्याज, उसके बावजूद मांग रहा था रुपए, केस दर्ज
Mahu City news: देपालपुर थानाक्षेत्र में एक ही व्यक्ति पर दो पीड़ितों ने सूदखोरी का केस दर्ज कराया है। इसमें पीड़ितों ने मूल राशि का दो से तीन गुना चुका दिया। उसके बावजूद मूल राशि की मांग की जा रही थी। जिसके बाद पीड़ितों ने थाने में शिकायत की व पुलिस ने केस दर्ज किया।
मिली जानकारी के अनुसार फरियादी मनोज धाकड़ ने रवि पिता कैलाश चौहान से मोबाइल दुकान खोलने के लिए एक लाख रु. उधार लिए थे। इसमें उसने दो प्रतिशत ब्याज की बात कहीं थी। अब तक मनोज ने रवि को उधार राशि के एवज में तीन गुना तक राशि चुका दी। लेकिन उसके बावजूद रवि द्वारा लगातार मनोज को धमकी देने के साथ ही चेक लगाने का कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
जिसके बाद मनोज ने पुलिस में शिकायत की व पुलिस ने रवि के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं दूसरे मामले में फरियादी लोकेश ने रवि चौहान के खिलाफ सूदखोरी की शिकायत की। लोकेश ने बताया कि उसने रवि से बच्चे की पढ़ाई के लिए दो लाख रुपए दो प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। इसमें से मैं अब तक रवि को मूल राशि का ढाई गुना अधिक राशि दे चुका है।
उसके बावजूद रवि लगातार चेक लगाने की धमकी देने के साथ ही और राशि की मांग कर रहा है। पुलिस ने लोकेश की शिकायत पर रवि के खिलाफ सूदखोरी का केस दर्ज किया।