Movie prime

Bina News: महिला वार्ड में गर्मी से नवजात और महिलाये परेशान

 

Bina News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला वार्ड में भीषण गर्मी और उमस से मरीजों की हालत खराब हो रही है। डिलीवरी के बाद महिलाओं को इसी वार्ड में शिफ्ट किया जाता है, जहां गर्मी का प्रभाव गंभीर रूप से महसूस किया जा रहा है। मरीजों और परिजन ने बताया कि वार्ड में कूलर और पंखे हैं, लेकिन भीषण गर्मी के कारण वे बेअसर साबित हो रहे हैं।

महिलाओं ने शिकायत की है कि तेज गर्मी में सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है। वहीं नवजात शिशु भी गर्मी से परेशान हैं और उनमें बेचैनी देखने को मिल रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से किसी तरह की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है, जिससे मरीजों को राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजन ने अस्पताल प्रबंधन से अपील की है कि गर्मी से राहत के लिए अतिरिक्त कूलर या एयर कंडीशनर की व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य केंद्र की इस लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि गर्मी में उचित देखभाल न मिलने से महिलाओं और नवजातों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. बसंत नेमा ने बताया कि फिलहाल लेवर रूम में एयर कंडीशनर की व्यवस्था है। डिलीवरी के बाद महिलाओं को महिला वार्ड में शिफ्ट किया जाता है। वहां सिर्फ कूलर और पंखे लगे हैं। गर्मी को लेकर महिलाओं ने शिकायत की है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बात हुई है। जल्द महिला वार्ड में भी एसी लगाए जाएंगे।

फिलहाल अस्पताल में दो रेगुलर डॉक्टर और एक महिला डॉक्टर एनएचएम के तहत कार्यरत हैं। हालांकि, सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की पोस्ट रिक्त हैं और दो रेगुलर डॉक्टरों की जगह भी खाली है। स्वास्थ्य केन्द्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी चुनौती बनी हुई है।