Movie prime

जिले में शुरू हुई नवरात्रि तैयारियां, प्रतिमाओं को अंतिम रूप, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

 

Burhanpur News: जिले में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अन्य शहरों में भेजी जाने वाली देवी प्रतिमाओं का सिलसिला शुरू हो गया है, जबकि शहर में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार नवरात्रि दस दिन चलेगी और जिले में लगभग 200 स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। पंडाल सजने का काम भी तेजी से चल रहा है।

नवरात्रि 22 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतिमाओं को अन्य जिलों में भेजने का काम शुरू हो गया है। हालांकि गणेशोत्सव की तुलना में देवी प्रतिमाओं की ऊंचाई कम होती है, इसलिए ट्रांसपोर्ट में कोई बड़ी परेशानी नहीं होती। शहर में स्थापित प्रतिमाओं को सजाने का काम अंतिम चरण में है।

इस दौरान गरबा पंडालों की संख्या 100 से अधिक होगी। पुलिस और प्रशासन ने आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था, पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाहरी लोगों के प्रवेश को नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। हर आयोजन के लिए प्रशासन की अनुमति और गाइडलाइन का पालन अनिवार्य होगा।

23 सितंबर से महाजनापेठ में भगवान बालाजी महाराज की रथ यात्रा शुरू होगी। 1 अक्टूबर तक छोटे रथ में दर्शन होंगे और 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर बड़े रथ में रथयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान शमी पूजन भी होगा। 3 अक्टूबर से ताप्ती नदी के सतियारा घाट पर वार्षिक मेला आयोजित होगा, लेकिन नदी के जलस्तर के अनुसार मेले की स्थिति तय होगी।

जिले में लगभग 20 से ज्यादा कलाकार प्रतिमाएं बनाते हैं। अधिकांश पीओपी से प्रतिमाएं बनाते हैं, लेकिन रेणुका रोड पर एक कलाकार मिट्टी से देवी प्रतिमाओं का निर्माण कर रहा है। यहां पहले घास का ढांचा तैयार किया जाता है, फिर मिट्टी लगाकर प्रतिमा को आकार दिया जाता है। इन मिट्टी की प्रतिमाओं की मांग शहर के साथ महाराष्ट्र में भी है।

इच्छादेवी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में भी नवरात्रि की तैयारियां पूरी हो रही हैं। हजारों भक्तों के आगमन को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड, पार्किंग व्यवस्था और अलग रास्तों की व्यवस्था की जा रही है। रेणुका माता और आशा देवी मंदिरों में भी तैयारी जोर-शोर से चल रही है, ताकि पर्व की भव्यता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।