Movie prime

एक ही दुकान से राशन लेने को मजबूर 7 हजार से अधिक उपभोक्ता

 

Neemuch News: नगर में राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पहले यहां तीन सरकारी उचित मूल्य की दुकानें थीं, लेकिन अब वार्ड नंबर 1 से 10 तक के सभी उपभोक्ताओं को एक ही दुकान से राशन देना पड़ रहा है। इससे गरीब और मजदूर वर्ग के लोग बहुत परेशान हैं और समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, राशन वितरण का भार सेल्समैन भूपेंद्र माली के निधन के बाद एक ही दुकान पर आ गया है, जिससे व्यवस्था और खराब हो गई है। शासन ने तीन महीने का राशन एक साथ देने की व्यवस्था शुरू की है, जिससे मशीन पर काम बढ़ गया और वितरण की गति धीमी हो गई है। कई लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी राशन नहीं ले पा रहे।

इसके अलावा, समग्र आईडी को आधार से लिंक करना अनिवार्य होने के कारण राशन वितरण में करीब 15 दिन की देरी हुई। जिनके आधार लिंक नहीं हुए, उन्हें राशन नहीं मिला। गरीब मजदूरों को भी अपनी मजदूरी छोड़कर लाइन में लगना पड़ रहा है।नगर के नेताओं ने प्रशासन से जल्द अतिरिक्त सेल्समैन नियुक्त करने और राशन वितरण के लिए नई दुकानों के संचालन की मांग की है। नगर परिषद अध्यक्ष मनोज शुक्ला ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे।

सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी कपिल धाकड़ ने बताया कि नगर में 7290 उपभोक्ता हैं, लेकिन शासन ने नई दुकानों और कर्मचारियों की नियुक्ति पर रोक लगा रखी है। फिलहाल केवल शासन के आदेश से ही समस्या का समाधान संभव है।