Movie prime

मध्यप्रदेश  में नरवर किले से 500 साल पुरानी 3 हजार किलो की तोप लूट ले गए 40 से ज्यादा हथियारबंद बदमाश

 

 शिवपुरी,17 जुलाई (इ खबर टुडे ) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित सिंधिया काल के नरवर किले से करीब 500 साल पुरानी अष्टधातु की तोप लूटने की घटना सामने आई है। 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात 40 से ज्यादा हथियारबंद बदमाश किले में घुस आए और गार्ड को धमकाकर यह तोप ले गए। पुलिस को इस बात की आशंका है कि वारदात में एंटीक चीजों की तस्करी का इंटरनेशनल गिरोह शामिल है।

जानकारी के मुताबिक नवरर किला सिंधिया राजवंश से जुड़ा है। यहां से लूटी गई करीब 500 साल पुरानी तोप 3 हजार किलो वजनी बताई गई है। बदमाशों को पता था कि तोप कहां और इसके भारी वजन को उठाने के लिए कितने लोग लगेंगे। इसी वजह से 40 से भी ज्यादा बदमाश इस वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

अब यहां 13 तोंपें बचीं
नरवर किले में ऐतिहासिक तोंपें रखी हैं, लूट के बाद अब इनकी संख्या 13 बचीं हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले किले और आसपास के इलाके में कुछ संदिग्ध देखे गए थे। इस ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा के लिए कोई ध्यान नहीं दिया गया।