मध्यप्रदेश अपने 70वें स्थापना दिवस पर जनता को कई नई सौगातें देने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मौके पर बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। सबसे बड़ी घोषणा हवाई कनेक्टिविटी को लेकर होगी। मप्र के 9 शहरों को आपस में हवाई पर्यटन मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए तीन हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी।
इसके साथ ही रीवा को दिल्ली से हवाई मार्ग से जोड़ने की भी तैयारी है। स्थापना दिवस पर इस सेवा का शुभारंभहोगा। सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) की सौगात भी मिल सकती है। इस बार स्थापना दिवस की थीम "उद्योग एवं रोजगार वर्ष" रखी गई है। मुख्य समारोह में केंद्रीय मंत्री नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि रहेंगे।
यह हो सकती है बड़ी घोषणाएं
मप्र में पर्यटन हवाई सेवा होगी शुरू। इसमें नौ शहरों के बीच 6 सीटर हेलीकॉप्टर चलेंगे। इसमें भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा शामिल है। हफ्ते में 5 दिन तक संचालन होगा।
इसके अलावा मप्र के रीवा एयरपोर्ट से रीवा-दिल्ली एवं रीवा-इंदौर के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जा रही है।
विकसित भारत विजय डॉक्यूमेंट-2047 पेश किया जाएगा। इसमें विकास का मैप पेश होगा।
उज्जैन एयरपोर्ट का एग्रीमेंट किया जाएगा।
एमपीआरडीसी का पोर्टल भी लांच होगा।
इंडस्ट्री को लेकर नई घोषणाएं होंगी।
मप्र के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों पर भर्ती की मिल सकती है सौगात ।
कर्मचारियों के लिए 3% महंगाई भत्ता ( डीए) बढ़ाने की घोषणा हो सकती है। अभी कर्मचारियों को 55 फीसदी डीए मिल रहा है।
एमपी ई-सेवा पोर्टल लॉन्च होगा, जिसके जरिए नागरिकों को एक ही प्लेटफार्म पर सभी सरकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इंवेस्ट एमपी 3.0 पोर्टल निवेशकों के लिए शुरू किया जाएगा, जो सिंगल विंडो सिस्टम की तरह काम करेगा।
वॉश ऑन व्हील नाम से ऐप शुरू होगा, जो युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए शहरी स्वच्छता सेवाओं में नई तकनीकी ऊर्जा जोड़ेगा।
द टू-ईयर जर्नी शीर्षक से एक विशेष ऑडियो-विजुअल का प्रदर्शन किया जायेगा, जिसमें बीते दो साल की राज्य की निवेश प्रोत्साहन से जुड़ी जानकारी दिखाई जाएगी।


