Movie prime

मध्यप्रदेश में नगर पालिका का विस्तार, 12 पंचायतों के 22 गांव शहरी क्षेत्र में शामिल

 

MP News: बीना में नगर पालिका का विस्तार करने की तैयारी शासन स्तर पर शुरू हो गई है। योजना के अनुसार शहर के आसपास की 12 पंचायतों के 22 गांव को शहरी क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। इनमें कुरुआ, दुरुआ, हिरनछिपा, हींगटी, गुलौआ, मुसयावदा, नौगांव, करई, नौपुरा, किर्रावदा, शब्दा, पाली, रुपऊ, भिलावली, मुडिया नायक, कलरावनी, मनऊ, कालूखेड़ी, बरदौरा, इटावा बाहरी क्षेत्र, मालखेड़ी, फुटेरा और धई बुजुर्ग शामिल हैं। इन सभी गांवों का कुल क्षेत्र 7125.65 हेक्टेयर है।

शासन की अधिसूचना प्रकाशित होते ही कई ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका कहना है कि शहरी क्षेत्र में शामिल होने पर जलकर, संपत्ति कर, प्रकाश कर और अन्य शुल्क देने होंगे, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ेगा। ढुरुआ के सरपंच बेबीराजे बुंदेला और मालखेड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने लिखित आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि नगर पालिका में शामिल होने से गांवों का विकास तेजी से होगा। सड़क, बिजली, नाली, सामुदायिक भवन, पार्क और खेल मैदान जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सीमा विस्तार से शहर की आबादी दोगुनी हो जाएगी और शासन से मिलने वाली चुंगी क्षतिपूर्ति राशि भी बढ़ेगी। इससे रोजगार और अन्य अवसरों में भी वृद्धि होगी।

शहरी विकास विभाग सागर में आपत्तियों को जिला स्तर पर निराकरण किया जाएगा। कुछ लोग चाहते हैं कि विकास के लिए अलग रोड मैप और गाइडलाइन बनाई जाए। प्रभारी सीएमओ रह चुके नजीब काजी ने कहा कि ग्रामीण सिर्फ शुल्क का पक्ष देख रहे हैं, जबकि सीमा विस्तार से उन्हें कई लाभ मिलेंगे।