Movie prime

हल्की बारिश से फसलों को राहत, तापमान में गिरावट, ताप्ती नदी पर नजर

 

Burhanpur News: जिले में बीते आठ दिनों से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन जोरदार बारिश नहीं हुई। केवल हल्की फुहारें गिरीं। सुबह 8.30 से शाम 5 बजे तक 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक 6 मिमी बारिश हो चुकी थी। लगातार हो रही बारिश से फसलों को पर्याप्त नमी मिल गई है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है और उनकी चिंता कुछ हद तक कम हुई है।

बुधवार को मौसम साफ रहने के कारण कई किसान खेतों में पहुंचकर फसल की देखरेख में जुट गए। बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पांच दिन में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है।

बारिश के कारण कुछ जगहों पर सड़कें खराब हो गई हैं। मुरम उखड़ने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि शहर के कुछ हिस्सों में डामरीकरण होने से स्थिति बेहतर है।इस बीच ताप्ती नदी का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। बुधवार को नदी का स्तर 218.070 मीटर दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान 220.800 मीटर से अभी 2.73 मीटर नीचे है। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए घाटों पर न जाने की अपील की है। जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश जारी रही तो नदी में जलस्तर और बढ़ सकता है।