Barwani News: 2.5 करोड़ रु. से बनेगा छात्रावास
Barwani News: अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं के लिए निवाली स्थित कस्तूरबा गांधी वनवासी कन्या आश्रम में 2.5 करोड़ रुपए की लागत से नया छात्रावास बनेगा। इसमें 240 छात्राएं रह सकेंगी। कार्य शुरू करने के पहले शनिवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य आश्रम पहुंचे।
उन्होंने निरीक्षण करते हुए और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संचालकों से जानकारी प्राप्त की। भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि आश्रम पिछले 70 वर्षों से जनजातीय बालिकाओं की शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के लिए कार्य कर रहा है। अध्यक्ष आर्य ने निरीक्षण के दौरान बताया कि छात्रावास का निर्माण भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से होगा।
\राशि स्वीकृत हो चुकी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जुलाई में भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे छात्राओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। निरीक्षण के दौरान आर्य ने गोवा लिमिटेड के सहयोग से प्रस्तावित 300 बालिकाओं के लिए एक अन्य छात्रावास स्थल का भी अवलोकन किया।
यह भवन भी निवाली के इसी आश्रम परिसर में बनेगा। उन्होंने छात्राओं की दिनचर्या, व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को भी देखा। संचालिका से आर्य ने विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आश्रम के उन्नयन, भविष्य की योजनाओं और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र और राज्य स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बता दें कि कस्तूरबा वनवासी कन्या आश्रम की स्थापना 27 मार्च 1953 को पद्मश्री कांता बहन त्यागी ने की थी। तब इसमें केवल चार बालिकाएं थीं। आज यह आश्रम 970 से अधिक छात्राओं को शिक्षा, कौशल विकास और संस्कारित जीवन मूल्यों से समृद्ध कर रहा है।
सेंधवा में भी 5 करोड़ से बनेगा छात्रावास
सेंधवा के वनवासी श्रीराम आश्रम में 100 सीटर छात्रावास का निर्माण होगा। यह कार्य सीएसआर योजना के तहत किया जाएगा। जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण के अधिकारियों ने आश्रम का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। उन्होंने आर्य को पत्र लिखकर बताया 100 सीटर छात्रावास की सिफारिश को स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए करीब 5 करोड़ रुपए की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।