MP News: मध्य प्रदेश में शुरू हुई अच्छी पहल, स्वच्छता रैंक सुधारने नवाचार की हुई शुरुआत
MP News: मध्य प्रदेश राज्य में एक अच्छी पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत कचरे का सदुपयोग कर जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। मध्य प्रदेश राज्य में मंडीदीप नगर पालिका ने शहर में कचरा कम करने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आरआरआर (रीड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) सेंटर शुरू किया है। यह सेंटर मंगल बाजार स्थित वार्ड 12 में खोला गया है। यहां लोग पुराने कपड़े, खिलौने, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और किताबें जमा कर रहे हैं। ये सामान किसी के लिए अनुपयोगी होते हैं, लेकिन किसी और के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रहे हैं।
ट्रिपल आर की पहल से शहर में कचरा नहीं बढ़ रहा है। हर दिन कई किलो कचरे का ट्रांसपोर्टेशन भी नहीं करना पड़ रहा है। इससे ट्रांसपोर्टेशन पर होने वाला खर्च भी बच रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि नपा के इस नवाचार से स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में रैंक सुधारने में मदद मिलेगी।
नपा सीएमओ प्रशांत जैन ने बताया कि यह नवाचार स्वच्छता रैंक सुधारने के लिए किया गया है। पहले लोग पुराने सामान को कचरे में डाल देते थे। ये सामान टिपर या कचरा पाइंट्स से ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंच जाते थे। इनमें से कई चीजें दोबारा इस्तेमाल की सकती हैं। इन्हीं वस्तुओं के लिए यह सेंटर शुरू किया गया है। सीएमओ जैन ने बताया कि अगले चरण में पुराने कपड़ों से रस्सी और कच्चे नारियल के रेशों से गमले बनाए जाएंगे। इससे प्लास्टिक का उपयोग कम होगा।
कचरा कम करना उद्देश्य
प्रियंका अग्रवाल, नपा अध्यक्ष, मंडीदीप ने बताया कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए कचरे को कंचन के रूप में इस्तेमाल करवा रहे हैं। आरआरआर सेंटर पर बेकार वस्तुओं को जमा करते हैं, जो फिर दोबारा इस्तेमाल या रिसाइकिल करके नए रूप में इस्तेमाल की जा सकती हैं। इस केंद्र का उद्देश्य कचरे को कम करना है।