एमपी पुलिस पर बड़ा एक्शन: कोर्ट के आदेश पर 2 टीआई समेत 100 पुलिसकर्मियों पर FIR, 5 करोड़ की ड्रग्स जब्ती का मामला निकला संदिग्ध
भोपाल, 16 जून (इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई पर राजस्थान की अदालत के कड़े रुख के बाद हड़कंप मच गया है। राजस्थान के झालावाड़ जिले की चौमहला कोर्ट के आदेश पर मध्य प्रदेश के दो थाना प्रभारियों समेत करीब 100 पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कोर्ट के कड़े हस्तक्षेप के बाद बीती रात यह मामला दर्ज हुआ। दो राज्यों (मध्य प्रदेश और राजस्थान) की पुलिस से जुड़ा यह अपने आप में संभवतः पहला ऐसा मामला है, जिसने दोनों राज्यों के पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की आगर कोतवाली पुलिस ने 28 जनवरी 2026 को जिले के डग थाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव में छापेमारी की कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने पांच करोड़ रुपये का मादक पदार्थ एमडी जब्त करना बताया था। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं से अभद्रता करने संबंधी डग पुलिस को केवल मोबाइल पर सूचना दी, जबकि यह नहीं बताया कि कार्रवाई कहां की जा रही है और मदद की जरूरत है या नहीं।
इस पर परिवाद के आधार पर दी गई जानकारी के अनुसार, संदिग्ध मानते हुए कोर्ट ने यह आदेश जारी किए हैं। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों के पिता हमीद खान ने चौमहला कोर्ट में परिवाद दायर कर आरोप लगाया था कि एमपी पुलिस ने स्थानीय डग पुलिस को सूचना दिए बिना गांव में आकर घर में तोड़फोड़ की और बेटों को झूठे मामले में फंसा दिया।
जानें जांच में क्या-क्या सामने आया?
कोर्ट के आदेश पर पुलिस विभाग के जांच अधिकारी द्वारा की गई जांच में पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठे थे। जांच में सामने आया कि पुलिस द्वारा किए गए जब्ती के दावे से संबंधित कई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे और वीडियोग्राफी का दावा भी झूठा था। इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि मध्य प्रदेश पुलिस के वाहन गांव में केवल 30 मिनट ही रुके थे, जबकि इतने कम समय में एनडीपीएस अधिनियम के तहत तलाशी, जब्ती और गिरफ्तारी की पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं है।
इस कार्रवाई पर अब कानूनी सवाल उठ रहे
इसी जांच रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, रूपसिंह बैस, उप निरीक्षक राखी गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक अजय जाट और पुलिसकर्मी राहुल विश्वकर्मा व शुभम सहित पूरी टीम पर मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। ऐसे में अब कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज हो गया है। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा यहां से की गई पांच करोड़ की मादक पदार्थ जब्ती की कार्रवाई का खुलासा मध्य प्रदेश में टीम द्वारा किया गया था, लेकिन इस कार्रवाई पर अब कानूनी सवाल उठ रहे हैं।
दस लाख रुपये मांगने का भी पुलिस पर आरोप
इस्तगासे में पीड़ित ने बताया कि उनसे 10 लाख रुपये की मांग की गई। जब उन्होंने कहा कि किसान लोग इतने रुपये कहां से लाएंगे और रुपये देने में असमर्थता जताई, तो उन्हें आगर थाने ले जाया गया। वहां गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों के खिलाफ दो किलो एमडी, 1 किलो स्मैक, कैटामाइन, नशीले इंजेक्शन, केमिकल ड्रम, 2 राइफलें आदि यानी 5 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त होना बताकर केस दर्ज कर दिया गया।
जबकि इनके परिवार के घरों की तलाशी लेने पर 1 ग्राम सामग्री यानी कुछ भी नहीं मिला। केवल एक लाइसेंसशुदा एकनाली बंदूक, एक एयर गन और 7 मोबाइल जब्त किए गए। शाहिर खान और मनोवर खान को पकड़कर ले जाया गया था और वहां ले जाकर उनके ऊपर मादक पदार्थ की सामग्री का केस बना दिया गया।

