Movie prime

गिरजाघरों में फादर ने धोए पुराहितों के पैर, शांति का दिया संदेश

गिरजाघरों में फादर ने धोए पुराहितों के पैर, शांति का दिया संदेश
 

मध्यप्रदेश के भोपाल शहर के गिरजाघरों में गुरुवार को लास्ट सपर यानि अंतिम भोज मनाया गया। इसे पुण्य बृहस्पितिवार के रूप में मनाया जाता है। प्रभु यीशु ने लास्ट सपर के माध्यम से ही परमप्रसाद, सेवा और पुरोहिताई जैसे कार्यों की नीव डाली थी। इस मौके पर गुरुवार को शहर के गिरजाघरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। गिरजाघरों के फादर ने शिष्यों के पैर धोए और पोछा।

 शुक्रवार को गिरजाघरों में गुड फ्रायडे पर विशेष प्रार्थना होगी। इस मौके पर आर्च बिशप ने 12 शिष्यों के पांव पखारे। इस दौरान जहांगीराबाद स्थित सेंट फ्रांसिस चर्च में समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान आर्च बिशप डॉ एएएस दुरईराज ने प्रतीकात्मक रूप से 12 विश्वासियों के पैर पखारे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ईसा मसीह, ईश्वर के पुत्र होते हुए भी, वे केवल मानव सेवक बनना चाहते थे। 

उन्होंने प्रेम को एक नया अर्थ देते हुए अपने शिष्यों को एक-दूसरे के पैर धोने की शिक्षा दी। इसलिए, पवित्र गुरुवार यूखरिस्त, पुरोहिताई, प्रेम और सेवा के महत्व को दर्शाता एक अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। फादर अल्फ्रेड डिसूजा ने कहा कि कैथोलिक गिरजाघरों में गुरुवार की पवित्र पूजन विधि के बाद, मसीह के दुखभोग की स्मृति में कई घंटों तक पवित्र परम प्रसाद की आराधना की गई।

गुड फ्रायडे पर निकलेंगी क्रूस यात्राएं

प्रभु यीशु के क्रूस पर दिए बलिदान की याद में गुड फ्रायडे शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर गिरजाघरों में प्रभु यीशु का स्मरण किया जाएगा और प्रार्थना होगी। गुड फ्रायडे का दिन ईसाई समाज उपवास और प्रायश्चित के रूप में मनाता है। इस मौके पर शहर में क्रूस यात्राएं निकलेगी और प्रभु यीशु के बलिदान को याद किया जाएगा। क्रूस यात्राएं दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। इसी प्रकार रविवार को प्रभु यीशु के पुर्नरूत्थान का पर्व ईस्टर मनाया जाएगा।

सेंट जांस चर्च में यीशु के बलिदान को याद किया

गोविंदपुरा के सेंट जांस चर्च में भी लास्ट सपर का आयोजन किया गया। इस मौके पर रेव्ह अनिल मार्टिन ने अपने संदेश में प्रभु यीशु मसीह के पवित्र ब्यारी का आयोजन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने और सेवा कार्य करने का संदेश दिया।