Movie prime

यूरिया की किल्लत से परेशान किसान, फसल बचाने रात 3 बजे से कतार में लगे

 

Burhanpur News: ग्राम तुईथड़ के शासकीय खाद भंडारण केंद्र पर रविवार रात से ही सैकड़ों किसान यूरिया लेने के लिए लाइन में लगे रहे। बारिश के बाद मक्का और धान की फसलों को खाद की जरूरत है, लेकिन क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से यूरिया की कमी बनी हुई है।

किसानों का कहना है कि कई बार सोसायटी और खाद केंद्रों के चक्कर लगाने के बाद भी यूरिया नहीं मिल रहा। इससे पौधे पीले पड़ने लगे हैं और फसल बर्बादी का खतरा बढ़ गया है। किसान रामलाल ने बताया कि अगर दो-चार दिन में खाद नहीं मिली, तो पूरी फसल खराब हो सकती है।

कृषि विभाग का कहना है कि आपूर्ति में तकनीकी कारणों से देरी हो रही है, जल्द नई खेप आने की संभावना है। लेकिन किसानों का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों को पहले खाद मिल जाती है, जबकि बाकी किसान घंटों कतार में खड़े रहते हैं।

कृषि वैज्ञानिकों ने भी चेताया है कि यदि 15 से 20 दिन में खाद नहीं मिला, तो फसल की वृद्धि रुक जाएगी और उत्पादन आधा भी नहीं रह पाएगा। इससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर पानी फिर सकता है।किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि यूरिया की आपूर्ति जल्द बहाल की जाए, केंद्रों पर काउंटर बढ़ाए जाएं और वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनाई जाए।