कम लागत, ज्यादा मुनाफा: मक्का की खेती की ओर बढ़े किसान, रकबा 6 हजार हेक्टेयर पहुंचा
Bina News: बीना तहसील में इस साल मक्का की खेती का रकबा बढ़कर 6 हजार हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल 4 हजार हेक्टेयर था। यानी इस बार 2 हजार हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में मक्का की बोवनी हुई है। कारण है—कम लागत में ज्यादा उत्पादन और अच्छा बाजार भाव।
किसान बताते हैं कि प्रति एकड़ 8-10 किलोग्राम बीज ही लगता है और कीटनाशक दवाओं की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ती। दो एकड़ में मक्का बो चुके किसान अभिषेक कुशवाहा ने बताया कि उन्हें पिछली बार करीब 20 क्विंटल उत्पादन मिला था, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा हुआ। इस बार उन्होंने तीन एकड़ में बोवनी की है।
देवेंद्र कुशवाहा ने भी बताया कि मक्का का उत्पादन अच्छा होता है और पिछले साल मंडी में 1500 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिला। इसी कारण आसपास के किसान भी मक्का की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
वरिष्ठ कृषि अधिकारी अवधेश राय के अनुसार बीना की मिट्टी और मौसम मक्का के लिए अनुकूल हैं। पहले जहां सिर्फ 100 हेक्टेयर में मक्का होती थी, अब रकबा लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों की रुचि और अनुकूल हालात ने मक्का को फायदेमंद फसल बना दिया है।