Movie prime

Barwani News: किसान कर रहे खेतो को तैयार, बारिश होते ही करेंगे बोवनी

 

Barwani News: खरीफ सीजन को लेकर किसानों ने अब बोवनी की तैयारी पूरी कर ली है। अब किसान मानसून आने का इंतजार कर रहे हैं। क्षेत्र में किसानों ने पिछले दिनों फसल की कटाई के बाद खेतों में जुताई की। अब किसान मिट्टी की उपजाऊ क्षमता बढ़ाने के लिए उसमें गोबर खाद डाल रहे हैं। बोवनी से फसलें किसान बाजार में आकर बीज की खरीदारी करने नजर आ रहे है।

इस बार किसान कपास के साथ मक्का ज्यादा लगाएंगे। वझर के किसान चतरसिंह पटेल ने बताया कि इस साल अच्छी बारिश होने के आसार है, क्योंकि मई में प्री-मानसून की बारिश चार बार हो चुकी है। इस साल 20 जून तक मानसून आने की उम्मीद है। इसको लेकर किसानों ने अपने खेत तैयार कर लिए हैं। खेतों की सफाई का काम पूरा हो चुका है।जिनके यहां पर पानी की व्यवस्था है, उन किसानों ने खेत में कपास की बीज लगा दिया है। वहीं बारिश पर आश्रित किसान अब मानसून आने का इंतजार कर रहे हैं।

इस बार कपास, मक्का और सोयाबीन की फसल लगाई जा रही है। शासन की योजना के तहत अनुदान पर मिलने वाले बीज प्राप्त करने के लिए किसान कृषि कार्यालय में पहुंच रहे है। कृषि अधिकारी बारिश होने के बाद ही बोवनी करने की सलाह दे रहे हैं। क्षेत्र में अब सभी खेत खाली नजर आ रहे है। बारिश होने के बाद बोवनी का कार्य तेजी से किया जाएगा।

मानसून सीजन के पहले लोग बाजार में आकर कृषि उपकरण, कीटनाशक सहित खाद व बीज की खरीदी कर रहे हैं। इससे बाजार में भी रौनक नजर आ रही है। वहीं वझर में खाद वितरण केंद्र शुरू हो चुका है। वहां से किसान फसल के हिसाब से खाद प्राप्त कर रहे है। पहले यह सुविधा निवाली के वेयर हाउस में ही थी। अब वझर में खाद मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है।