Burhanpur News: मक्का का रकबा बढ़ने के लिए खेत तैयार कर रहे किसान
Burhanpur News: ग्राम अंबाड़ा सहित आसपास के क्षेत्र में इन दिनों ग्रीष्मकालीन मूंग की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। किसानों को इस बार मूंग की अच्छी पैदावार हुई है। अब तक 80 प्रतिशत से ज्यादा फसल कट चुकी है। एक सप्ताह में कटाई पूरी हो जाएगी। इसके बाद किसान खरीफ की बोवनी की तैयारी में जुट गए हैं।
किसान खेतों को तैयार कर रहे हैं। इस बार किसानों का रूझान मक्का, सोयाबीन फसल में अधिक नजर आ रहा है।मौसम में बदलाव की आहट के बीच बेमौसम बारिश का दौर चल रहा है। कभी बारिश तो कभी तेज गर्मी है। किसानों ने बताया पिछले कुछ साल से खरीफ में कपास का उत्पादन कम हो रहा है। इसलिए कपास का रकबा कम हो रहा है।
लगातार बारिश के कारण सोयाबीन की फसल खराब होती है। इसी कारण से किसान अब मक्का की ओर रुख कर रहे हैं। मक्का की फसल से किसानों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है, इसलिए हर साल मक्के का रकबा लगातार बढ़ रहा है। इस बार भी किसान उन्नत किस्म की मक्का बोने की तैयारी कर चुके हैं। कुछ किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश के बाद ही मक्का बोवनी शुरू करेंगे। मक्का की फसल में समय ज्यादा लगता है।