Movie prime

Burhanpur News: जलस्तर कम होने के कारण, दूर खेतों से ला रहे पानी ग्रामीण

 

Burhanpur News: देवरीमाल ग्राम पंचायत के ग्राम नेवरी में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव की करीब 700 की आबादी के लिए दो हैंडपंप हैं। इनमें से एक बंद पड़ा था। सोमवार को इसे सुधारा गया। अब दोनों हैंडपंप से पानी आ रहा है। यहां पानी भरने के लिए भीड़ लग रही है। इन हैंडपंप का जलस्तर भी कम होता जा रहा है। वहीं गांव के ट्यूबवेल से पानी नहीं आ रहा है। इससे लोग खासे परेशान हैं। उन्हें दूर खेतों से पानी लाना पड़ रहा है। कई लोग बैलगाड़ी पर कोठी रखकर खेतों से पानी ला रहे हैं।

हैंडपंप से पानी भरने के लिए इतनी भीड़ लग रही है कि लोगों को घंटों तक कतार में इंतजार करना पड़ रहा है। जलस्तर कम होने से दोनों हैंडपंप एक-दो घंटे ही चल पा रहे हैं। गांव में करीब 150 मकान हैं। सभी लोग पेयजल संकट झेल रहे हैं। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं। महिलाओं के साथ बच्चे और बुजुर्ग भी दूर से पानी ला रहे हैं।

ग्रामीणों की इस परेशानी पर ग्राम पंचायत का ध्यान नहीं है। जबकि लोगों द्वारा समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई है। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने कहा परेशानी को देखते हुए गांव में टैंकर से पानी की व्यवस्था की जाना चाहिए। जल्द ट्यूबवेल या अन्य जलस्रोत खनन किया जाना चाहिए।