Barwani News: 2 घंटे से लगातार हुई की बारिश से नालो से आया पानी बहार
Barwani News: बुधवार सुबह करीब 6 बजे शहर सहित ग्रामीण अंचल में तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। शहर में करीब दो घंटे में 22 मिमी बारिश हुई। इसके कारण शहर का मुख्य पाला बाजार स्थित नाला उफान पर आ गया। नाले के पास बने लोगों के घरों के ओटले तक पानी पहुंच गया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद दिनभर बादल की लुकाछिपी चली। कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे।
बुधवार सुबह बारिश से लोगों को राहत मिली। तेज बारिश के कारण फसलों को नुकसान नहीं पहुंचा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरएस सिकरवार ने अनुसार राजस्थान में एक साइक्लोन के एक्टिव होने के कारण जिले में बारिश हो रही है। अभी जिले में मानसून की दस्तक नहीं हुई है। साइक्लोन का असर होने के कारण 31 मई तक जिले में तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की व तेज बारिश का असर रहेगा। बादल गरजने के साथ बिजली भी चमकेगी।
डायवर्सन मार्ग पर जमा हुआ पानी
दो घंटे हुई तेज बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कारंजा चौराहे से अंजड़ नाके तक निर्माण होने से अंजड़ नाके पर डायवर्सन मार्ग बनाया है। बारिश से पूरे मार्ग पर कीचड़ फैल गया व गड्ढों में पानी भर गया। नालों के उफान पर आने से घरों के आसपास व मुख्य मार्ग पर गंदगी फैल गई। बारिश के पहले नपा ने शहर के नालों की साफ शुरू की है लेकिन इसके बाद भी नाले उफान पर आ रहे हैं। जो नपा की लापरवाही को उजागर कर रही है। बारिश के पहले ही यह हाल है तो बारिश में लोगों को अधिक समस्या का सामना करना पड़ेगा। बारिश से राजघाट रोड पर ईंट भट्टे संचालकों की ईट गीली हो गई। जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा है।
उमस के कारण बेहाल हुए लोग इस साल मई माह में मौसम परिवर्तन से तापमान 40 डिग्री से
अधिक नहीं पहुंचा। नवतपा शुरू होने के बाद से दो बार बारिश हो गई है। बुधवार को 2 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री था। करीब दो डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हवा की गति 36 किमी प्रति घंटा व मौसम में आर्द्रता 62% रही। बारिश के बाद धूप निकलने से लोगों को उमस से बेहाल होना पड़ा। पिछले 24 घंटे में औसत 134.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में सबसे अधिक बारिश सेंधवा में 33 मिमी व चाचरिया पाटी में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। बड़वानी में 22 मिमी बारिश हुई।
10 जून से शुरू होगा प्री मानसून
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार यह बारिश साइक्लोन के कारण हो रही है। जिले में अभी मानसून की दस्तक नहीं हुई है। जिले में 8 से 10 जून के बीच प्री मानसून आएगा। जिसमें तेज हवा व आंधी चलने के साथ बादल गरजने व बिजली चमकेगी। इस बार मानसून 20 से 25 जून तक जिले में प्रवेश करेगा। इस बार अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है।