ईद मीलाद-उन-नबी पर चमक उठीं दरगाहें, रोशनी से सजा शहर का नज़ारा
Chhatarpur News: मुस्लिम समुदाय का महत्वपूर्ण पर्व ईद मीलाद-उन-नबी इस वर्ष शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। यह पर्व इस्लामी चांद कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल की 12वीं तारीख को आता है और इसे पैगंबर हज़रत मुहम्मद के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है।
त्योहार की तैयारियों के तहत शहर की प्रमुख दरगाहों और मज़ारों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। रानी तलैया स्थित मस्तान शाह बाबा की मजार और आप हुजूर की दरगाह रंग-बिरंगी रोशनी में नहाई हुई नज़र आ रही हैं। तालाब के पानी में इन रोशनी की झिलमिलाहट एक अलग ही दृश्य प्रस्तुत करती है, जो लोगों को देर रात तक अपनी ओर खींचती है।
शुक्रवार को विशेष नमाज़ अदा करने के बाद धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। दोपहर की नमाज़ के बाद राजनगर रोड स्थित मुश्किलकुशा मैदान से जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर पैगंबर साहब के जीवन और उपदेशों का स्मरण करेंगे।
ईद मीलाद-उन-नबी को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह है। घरों, गलियों और मस्जिदों को भी रोशनी से सजाया जा रहा है। इस अवसर पर जगह-जगह धार्मिक सभाएँ और तकरीरें भी होंगी, जिनमें पैगंबर साहब की शिक्षाओं और मानवता के संदेश को साझा किया जाएगा।