Barwani News: बारिश से खराब हुई फसल के नहीं मिल रहे उचित दाम
Barwani News: वरला तहसील क्षेत्र में बे मौसम बारिश के कारण फसलें खराब हुई। किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया क्षेत्र में गर्मी में मूंग और मूंगफली की फसल लगाई जाती है। इसके अलावा कई किसानों ने मक्का भी लगाया। इस महीने के पहले और दूसरे सप्ताह में जोरदार बारिश होने से फसलों को नुकसान हुआ।
फसलें भीगने से उत्पादन और गुणवत्ता पर भी फर्क पड़ा। मजदूरी भी अधिक लग रही है। बड़ी मेहनत से फसल तैयार की है लेकिन अबजब बेचने का समय आया तो उन्हें उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है। 10 दिन पहले मूंग के फसल के दाम 7800 प्रति क्विंटल तक के बिक रहा था। वहीं अब दाम 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं।
वहीं मूंगफली के दाम भी कम हो गए हैं। कृषि उपज मंडी में भी खरीदी बिक्री का कार्य बंद पड़ा हुआ है। मंडी में नियमित रूप से खरीदारी नहीं होने से भी किसानों को उचित दाम नहीं मिल पाता।
नहीं किया गया सर्वे
कृषि विभाग व राजस्व विभाग ने खेतों में सर्वे नहीं किया है। इसके पहले बारिश के मौसम में जब मक्का की फसल को नुकसान हुआ था तक सर्वे किया गया। जिन किसानों को भारी नुकसान हुआ था उन्हें अभी तक राहत राशि नहीं मिली है।