Movie prime

 सागर त्रासदी के बाद मध्य प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई

  3 दिनों में 1,554 केस दर्ज, 974 आरोपी गिरफ्तार
 

 

भोपाल/सागर,9 सितम्बर(इ खबर टुडे )। प्रदेश के  सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों की घटना के बाद मध्य प्रदेश आबकारी विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के निर्देशों पर 6 सितंबर से पूरे प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, बिक्री और कब्जे के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

आबकारी विभाग द्वारा जारी 8 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, इस 3 दिवसीय विशेष अभियान में पूरे राज्य में व्यापक सफलता मिली है।

प्रदेश भर में हुई कार्रवाई के आंकड़े (6 से 8 सितंबर 2026)

कुल दर्ज मामले: 1,554 प्रकरण

कुल जब्त अवैध शराब: 12,107 लीटर

कुल आरोपी गिरफ्तार/कार्रवाई: 974 लोग

धारावार विवरण के अनुसार, आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) (50 लीटर तक अवैध शराब) के तहत सर्वाधिक 1,536 मामले दर्ज किए गए। वहीं, धारा 34(2) (50 लीटर से अधिक अवैध शराब) के तहत 11 मामले और मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त/विषाक्त शराब (विषाक्त स्पिरिट) से संबंधित धारा 49-क के तहत 7 गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं।

सागर जिले में सख्त अभियान

सागर जिले में घटित दुखद घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और आबकारी दल ने धरपकड़ शुरू कर दी। 6 से 8 सितंबर के बीच सागर जिले में:

कुल दर्ज मामले: 8 प्रकरण

कुल जब्त शराब: 118 लीटर

कुल आरोपी: 6 लोग

आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी माफिया या दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और यह राज्यव्यापी अभियान आगे भी मुस्तैदी से जारी रहेगा।