Movie prime

MP के इस जिले में जल्द शुरू होगा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य, तकनीकी खामियां हुई दूर

 

MP News: लालबाग ओवरब्रिज का निर्माण 2013 में शुरू हुआ था, लेकिन अब तक काम अधूरा है। तकनीकी खामियों के कारण रेलवे पटरी के ऊपर का हिस्सा नहीं बन सका था, जिसके चलते काम रुक गया था। 12 साल में इसके निर्माण की लागत 31 करोड़ रुपए से ज्यादा बढ़ चुकी है।

अब तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है। शुक्रवार को विधायक अर्चना चिटनीस और कलेक्टर हर्ष सिंह ने अधिकारियों के साथ ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और बाकी के काम को 4 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

लालबाग में रेलवे पटरी के कारण लोगों के लिए चिंचाला, शिवाजी नगर और ग्राम चिंचाला तक आने-जाने का कोई सीधा रास्ता नहीं है। यहां की 10 हजार की आबादी अब भी रेलवे ब्रिज के नीचे से आना-जाना करती है। इस समस्या को हल करने के लिए 2013 में ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हुआ था।

शुक्रवार को हुई बैठक में रेलवे के अफसरों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। विधायक चिटनीस ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री और अन्य उच्च अधिकारियों से भी चर्चा की थी, जिसके बाद निर्माण को फिर से मंजूरी मिल सकी।

राज्य शासन ने 2013 में ओवरब्रिज के लिए 14.94 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी थी, लेकिन 2022 में इसे बढ़ाकर 46.06 करोड़ रुपए कर दिया गया। रेलवे को इसके ऊपरी हिस्से के लिए 15.91 करोड़ रुपए पहले ही जमा कराए जा चुके हैं। अब तक ओवरब्रिज का 85% काम पूरा हो चुका है।