मध्यप्रदेश में भाजपा के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन शुरू, सभी विधानसभाओं में होंगे सम्मेलन
मध्यप्रदेश में भाजपा के सभी सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन शुरू हो गया है। ऐसे में दो दिन यानी आठ और नौ अप्रैल को यह सम्मेलन प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में होगा। यह सब पार्टी के 46वें स्थापना दिवस पर हो रहा है। इन सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पार्टी नेतृत्व द्वारा सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय राजनीति के अनुसार किए गए बदलावों, संगठन को मजबूत करने तथा संगठन की भूमिका के बारे में जानकारी देना है। ऐसे में पार्टी के लिए यह सम्मेलन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने फैसला किया है कि भाजपा के स्थापना दिवस को 8 व 9 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा।
इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रमों की रुपरेखा बनाई गई है। स्थापना दिवस के बहाने पार्टी अपने सक्रिय कार्यकर्ताओं को एकजुट करके संगठन को और ज्यादा मजबूत करना चाहती है। मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्यक्रम किए जाएंगे।
विधानसभा के अनुसार इन सम्मेलनों को मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी द्वारा निर्धारित नेता ही संबोधित करेंगे। इन बैठकों में पिछले 11 वर्षों में भारत ने किस प्रकार विकास के लिए अहम कदम उठाए हैं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि पर कितना प्रभाव पड़ा, इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी देश के विकास के लिए क्या-क्या योजनाएं लागू कर रहे हैं या की जा चुकी हैं, इन सभी बातों पर चर्चा होगी। वहीं भाजपा इन बैठकों में खासतौर पर जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने के उदाहरण पेश करेगी। कार्यकर्ताओं को बताया जाएगा कि कोई भी आम सक्रिय कार्यकर्ता भाजपा में अपनी मेहनत के दम पर विधानसभा या लोकसभा का चुनाव लड़ने में सक्षम है।
भाजपा ऐसे लोगों को मौका देती है। इसके अलावा संगठनात्मक विस्तार, चुनावी रणनीति और बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क खड़ा करने पर चर्चा की जाएगी।
गांव-बस्ती चलो अभियान 12 तक
अपने स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा ने गांव-बस्ती चलो अभियान की शुरूआत की है। यह अभियान 12 अप्रैल तक चलेगा। इस अभियान के तहत सभी जनप्रतिनिधि, सक्रिय कार्यकर्ता तथा भाजपा पदाधिकारी गांवों, मोहल्ला, बस्तियों का दौरा करेंगे। इस दौरे के दौरान भाजपा नेता लोगों को भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों के अलावा वन नेशन, वन इलेक्शन की भी बात रखेंगे और इसे देश के हित में कितना फायदेमंद होगा, उसके बारे में बताएंगे।
डॉ. भीमराम आंबेडकर की जयंती पर सामूहिक पाठ
भाजपा स्थापना दिवस के अंतर्गत ही भाजपा कार्यकर्ता 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर सामूहिक पाठ करेंगे। इससे पहले दिन यानी 13 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर सभी कार्यकर्ता बाबा साहब की सभी जगह लगी प्रतिमाओं की सफाई करेंगे और शाम को दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा।