Chhatarpur News: किसानों से संवाद करके योजनाओं के बारे में बताया
Chhatarpur News: जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत कृषकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों की टीम द्वारा ग्राम स्तर पर पहुंचकर सीधा संवाद किया जा रहा है। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक चलाया गया। जिसमें जिले के 264 गांवों को शामिल किया गया है।
वैज्ञानिक कमलेश अहिरवार ने ग्रीष्मकालीन उद्यानिकी, पेंदी बेर प्रणाली, मृदा परीक्षण, बीज उपचार व हरी खाद बनाने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की। वैज्ञानिक राजीव कुमार सिंह ने खरीफ फसलों की उन्नत किस्मों और जैविक खेती पर प्रकाश डाला। खरपतवार अनुसंधान केंद्र जबलपुर से आए वैज्ञानिक जितेंद्र कुमार सोनी ने उड़द, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली, अरहर, तिल जैसी फसलों में खरपतवार नियंत्रण की समन्वित विधियों पर जानकारी दी। मौसम वैज्ञानिक हेमंत सिंहा ने खरीफ फसलों के लिए मौसम की उपयोगिता और विभिन्न मौसम संबंधित मोबाइल एप की जानकारी दी।
वहीं वरिष्ठ शोध सहायक रोहित मिश्रा ने जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों के साथ ड्रिप व स्प्रिंकलर सिंचाई विधियों और तरल उर्वरकों की उपयोगिता पर चर्चा की। नौगांव विकासखंड के ग्राम मऊ, सैला और दिलानिया में आयोजित कार्यक्रम में वैज्ञानिकों के साथ कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, राजस्व और पंचायत विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया और उपस्थित कृषकों को संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
मऊ की सरपंच भोली पटेल, कृषि अधिकारी सूरज भान पटेल, बीटीएम शिवम तिवारी, कृषि विस्तार अधिकारी अग्रित द्विवेदी मौजूद रहे। अभियान के दौरान कृषकों को कीट रोग पहचान, बीज व उर्वरक सलाह, लाइव डेमो, कृषि रथ और ऑन स्पॉट डीबीटी सहायता भी दी गई। महिला कृषकों को विशेष प्रशिक्षण व अनुसूचित जाति-जनजाति कृषकों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया गया।